दरगाह का निरीक्षण, पुलिस लाइन में मैराथन बैठक, जायरीन की सुविधा, सुरक्षा और ट्रैफिक पर बना एक्शन प्लान, अहसन मियां ने दिया ‘एक पौधा आला हज़रत के नाम’ का संदेश
बरेली : 108वें उर्स-ए-रज़वी की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को प्रशासन और दरगाह आला हज़रत के बीच पूरे दिन हाई लेवल गतिविधियां रहीं। पहले अपर जिलाधिकारी नगर संतोष कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिख समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने दरगाह आला हज़रत और उर्स स्थल इस्लामिया मैदान का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद शाम को पुलिस लाइन सभागार में कमिश्नर और एडीजी बरेली की अध्यक्षता में उर्स कमेटी के साथ अहम समीक्षा बैठक हुई, जिसमें सुरक्षा, यातायात, लंगर, चादर जुलूस, परचम जुलूस और जायरीन की सुविधाओं सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। दरगाह पहुंचने पर अधिकारियों ने दरगाह प्रमुख हज़रत मौलाना सुब्हान रज़ा खान (सुब्हानी मियां) से मुलाकात कर उर्स की व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इस्लामिया मैदान में चल रही तैयारियों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान हाजी जावेद खान, परवेज़ नूरी, औरंगजेब नूरी, ताहिर अल्वी, अजमल नूरी सहित कई लोग मौजूद रहे।
इस्लामिया मैदान में जलभराव और गड्ढों की उठाई समस्या
शाम को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में एडीजी, आईजी, डीआईजी रेंज डीएम, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। दरगाह की ओर से प्रतिनिधिमंडल ने बारिश के कारण इस्लामिया मैदान में जलभराव और गड्ढों की समस्या उठाते हुए मैदान में रविश बिछाने की मांग की। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, लंगर, चादर जुलूस और परचम जुलूस को लेकर भी सुझाव दिए गए।
सोशल मीडिया की निगरानी के निर्देश
बैठक में अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि हर वर्ष की तुलना में इस बार और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि देश-विदेश से आने वाले जायरीन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और दोनों प्रमुख धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हों।
पौधारोपण और पौधा वितरण अभियान चलाया
इस बीच दरगाह आला हज़रत की ओर से सामाजिक सरोकारों की पहल भी जारी रही। मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि उर्स के दौरान हेल्थ कैंप के साथ पौधारोपण और पौधा वितरण अभियान भी चलाया जा रहा है। सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि “उर्स-ए-रज़वी के मुबारक मौके पर हर व्यक्ति आला हज़रत के नाम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी करे।” उन्होंने कहा कि छायादार और फलदार पेड़ लगाना सदका-ए-जारिया है तथा इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ शहर भी हरा-भरा और सुंदर बनेगा। इसी क्रम में दरगाह परिसर और इस्लामिया मैदान में पौधारोपण के साथ बड़ी संख्या में पौधों का वितरण भी किया गया।
