चेकिंग अभियान के दौरान मिली सफलता, पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर तीन और चोरी की बाइक बरामद
मुरादाबाद: वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कटघर थाना पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान रफातपुर रोड स्थित अंबेडकर पार्क के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित उर्फ मोनू यादव, विक्रांत उर्फ अवनीश और यामीन उर्फ छोटे के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर रफातपुर अंडरपास के पास एक खंडहरनुमा कमरे से तीन और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। आरोपियों ने बताया कि वे मुरादाबाद और आसपास के क्षेत्रों से बाइक चोरी कर उनकी नंबर प्लेट हटाकर और कई बार चेसिस नंबर मिटाकर कम कीमत में बेच देते थे।
पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिलें कटघर, ठाकुरद्वारा, भोजपुर और मझौला थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
