खेल मैदान के आधुनिकीकरण, आजाद छात्रावास शुरू कराने और शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थापित करने की मांग, कॉलेज प्रशासन ने समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन
बरेली : बरेली कॉलेज में छात्र हितों और कॉलेज की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को समाजवादी छात्र सभा, बरेली महानगर के कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने कॉलेज के खेल मैदान को राजनीतिक और सरकारी कार्यक्रमों के लिए दिए जाने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। संगठन ने खेल मैदान को खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित रखने, उसका आधुनिकीकरण कराने और नियमित खेल गतिविधियां शुरू कराने की मांग उठाई।
छात्रावास और छात्रसंघ चुनाव पर उठाई आवाज
धरना-प्रदर्शन में छात्रों ने लंबे समय से बंद पड़े आजाद छात्रावास की मरम्मत कर उसे शीघ्र शुरू कराने, शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा को सम्मानजनक स्थान पर स्थापित कराने तथा बरेली कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की भी मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की गई। धरनास्थल पर बरेली कॉलेज की उप प्राचार्य प्रो. वंदना शर्मा और डॉ. इंदीवर चौहान पहुंचे। उन्होंने छात्र प्रतिनिधियों से वार्ता कर उनकी मांगों को गंभीरता से सुना। कॉलेज प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने के लिए समय मांगा और सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रशासन ने दिया भरोसा
समाजवादी छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष पाल विक्रांत सिंह ने कहा कि संगठन छात्रों के अधिकारों और हितों के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन के आश्वासन का सम्मान किया जाएगा, लेकिन यदि तय समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो छात्र हित में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल कॉलेज प्रशासन के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया है, जबकि छात्र संगठन ने मांगों के समाधान तक पूरे मामले पर नजर बनाए रखने की बात कही है।
