सर्वदलीय बैठक में सीएम योगी ने जनहित के मुद्दों पर स्वस्थ चर्चा की अपील की, विपक्ष ने महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दे उठाने का किया ऐलान
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। सत्र शुरू होने से पहले आयोजित सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी दलों से सदन की गरिमा बनाए रखते हुए जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा करने की अपील की। वहीं विपक्ष ने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों, कानून-व्यवस्था, छात्र आंदोलन और राम मंदिर चंदा मामले समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है।
पहले दिन पूरा ‘वंदे मातरम्’ होगा गान
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बताया कि मानसून सत्र के पहले दिन पहली बार सदन में पूरा ‘वंदे मातरम्’ गाया जाएगा। उन्होंने सभी सदस्यों से लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन करते हुए स्वस्थ बहस करने की अपील की।
विपक्ष ने उठाए सत्र की अवधि बढ़ाने के सवाल
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे, कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा और सपा विधायक आशु मलिक ने सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग की। विपक्ष का कहना है कि महंगाई, बिजली संकट, किसानों की समस्याएं, बेरोजगारी, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और मंदिर चढ़ावा जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा जरूरी है।
सरकार बोली- हर सवाल का मिलेगा जवाब
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने भरोसा दिलाया कि विपक्ष के सभी सवालों का सदन में जवाब दिया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सरकार विकास कार्यों, पूरक बजट और विधायी कार्यों पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है।
कांवड़ यात्रा के बीच सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मानसून सत्र सावन के पहले सोमवार और कांवड़ यात्रा के बीच शुरू हो रहा है। विधानसभा परिसर की सुरक्षा को चार जोन और दस सेक्टर में बांटा गया है। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर ड्यूटी में तैनात जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
