सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश, 5 से 18 अगस्त तक मुफ्त राशन वितरण का ऐलान, कांवड़ यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस ‘कांवड़ विलेज’ शुरू
बरेली : यूपी के बरेली जिले में शनिवार को प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं। डीएम अविनाश सिंह ने नवाबगंज तहसील में विधायक डॉ. एम.पी. आर्य की मौजूदगी में सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता की। इस दौरान जनसुनवाई कर अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। वहीं पात्र महिला का राशन कार्ड मौके पर ही बनवाकर प्रशासन ने त्वरित राहत भी दिलाई। दूसरी ओर कांवड़ यात्रा को देखते हुए नवाबगंज मंडी में आधुनिक सुविधाओं से युक्त ‘कांवड़ विलेज’ का उद्घाटन किया गया। इसी के साथ जिला पूर्ति विभाग ने 5 से 18 अगस्त तक मुफ्त राशन वितरण की तिथियों की भी घोषणा कर दी।
समाधान दिवस में शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई

तहसील नवाबगंज सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में लोक निर्माण विभाग, आवास, पेंशन, सड़क, भूमि और राजस्व सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। ग्राम तुमड़िया के एक ग्रामीण ने सड़क निर्माण के बाद मुआवजा न मिलने की शिकायत की, जिस पर डीएम ने अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम चेना के एक दिव्यांग व्यक्ति ने पेंशन न मिलने की शिकायत की, जिस पर सीएमओ और जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम खामपुर उर्फ गंगापुर निवासी की पुत्री का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने और गोशलपुर की एक निराश्रित वृद्ध महिला को आवास एवं भूमि उपलब्ध कराने संबंधी मामलों में भी संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मौके पर बना राशन कार्ड
समाधान दिवस के दौरान डीएम के निर्देश पर ममता देवी पत्नी वेदपाल का पात्रता के आधार पर मौके पर ही राशन कार्ड बनाकर उपलब्ध कराया गया। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से।लाभार्थी को तत्काल राहत मिली।कांवड़ यात्रा के मद्देनजर विधायक डॉ. एम.पी. आर्य और डीएम अविनाश सिंह ने नवाबगंज उप मंडी परिसर में बनाए गए ‘कांवड़ विलेज’ का फीता काटकर उद्घाटन किया। डीएम ने बताया कि यहां श्रद्धालुओं के लिए स्वागत द्वार, विश्राम गृह, पंचकर्म सुविधा, पूजा स्थल, कांवड़ स्टैंड, फलाहार, भंडारा, सेल्फी प्वाइंट और पुष्प वर्षा द्वार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।उन्होंने कहा कि पूरे परिसर की सुरक्षा सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्वच्छता, सुरक्षा और सभी आवश्यक सेवाएं सुचारु रूप से संचालित रखने के निर्देश भी दिए गए। इसके बाद जिलाधिकारी ने डेलापीर मंडी स्थित श्री बाबा गोपेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए आरओ वाटर कूलर का उद्घाटन किया तथा शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर जनकल्याण और जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।
5 से 18 अगस्त तक मिलेगा मुफ्त राशन

जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत 5 अगस्त से 18 अगस्त 2026 तक अंत्योदय और पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को मुफ्त खाद्यान्न वितरित किया जाएगा। अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 14 किलोग्राम गेहूं और 21 किलोग्राम चावल यानी कुल 35 किलोग्राम खाद्यान्न मिलेगा। वहीं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 2 किलोग्राम गेहूं और 3 किलोग्राम चावल, कुल 5 किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क दिया जाएगा।वितरण प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 12 बजे और दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। अंतिम दिन, 18 अगस्त, आधार प्रमाणीकरण न होने की स्थिति में मोबाइल ओटीपी के माध्यम से भी राशन वितरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। प्रशासन ने सभी पात्र लाभार्थियों से निर्धारित तिथियों के भीतर अपने उचित दर विक्रेता से मुफ्त राशन प्राप्त करने की अपील की है।
