बरेली: यूपी के बरेली देहात के बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र में रविवार को हाईवे पर उस समय अफरा -तफरी मच गई, जब बरेली की ओर जा रही एक चलती सीएनजी कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में कार आग की लपटों से घिर गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि कार सवार दोनों लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
ग्राम गुड़वारा के पास चलते-चलते धधकी कार
यह घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुड़वारा के पास हाईवे पर हुई। जानकारी के अनुसार, बरेली की ओर जा रही कार में सीएनजी किट लगी हुई थी। सफर के दौरान अचानक कार से धुआं उठने लगा। चालक ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए कार को सड़क किनारे रोक दिया और अपने साथी के साथ बाहर निकल आया। देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई और हाईवे पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू, कार का अधिकांश हिस्सा जला
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। आग के दौरान कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
दोनों सवार सुरक्षित, आग लगने के कारणों की जांच शुरू
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने मीडिया को बताया कि चलती कार में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड ने तत्काल कार्रवाई की। दोनों कार सवार पूरी तरह सुरक्षित हैं और घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि तकनीकी खराबी की वजह से हादसा हुआ हो सकता है, हालांकि, वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
