सपा प्रमुख ने कहा- 2027 का चुनाव संविधान बचाने की लड़ाई, शंकराचार्य से मुलाकात के बाद गौ संरक्षण पर चर्चा, राम मंदिर ट्रस्ट, महिला आरक्षण, महंगाई और कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय और मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल रहा और दवाइयों व डॉक्टरों की कमी से आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है, और मेरठ की घटना का हवाला देते हुए पुलिस के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया।
2027 का चुनाव संविधान- लोकतंत्र बचाने की लड़ाई
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का चुनाव नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय को बचाने का चुनाव होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और जनता के बीच भाजपा सरकार की नीतियों को उजागर करने का आह्वान किया।
शंकराचार्य से मुलाकात, गौ संरक्षण पर हुई चर्चा
इससे पहले अखिलेश यादव ने ज्योतिषपीठाधीश्वर एवं द्वारका शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद लिया।उन्होंने कहा कि शंकराचार्य गौ संरक्षण को लेकर चिंतित हैं, और गौ रक्षा केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा से जुड़ा विषय है।
सिर्फ खांचा नहीं, पूरा ढांचा बदलना चाहिए..
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि यह करोड़ों लोगों की आस्था का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल इस्तीफों से काम नहीं चलेगा,बल्कि पूरे ट्रस्ट और उससे जुड़े फैसलों की न्यायिक जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि “सिर्फ खांचा नहीं, पूरा ढांचा बदलना चाहिए।” साथ ही एसआईटी जांच की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाते हुए स्वतंत्र और पारदर्शी जांच की मांग की।
महिला आरक्षण, महंगाई और किसानों के मुद्दे उठाए
सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण की समर्थक है, लेकिन इसे जनगणना और परिसीमन से जोड़कर लागू करने में देरी उचित नहीं है। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों को खाद की कमी और फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरा। एथेनॉल में कथित मिलावट के मामले को भी उन्होंने भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए सरकार पर निशाना साधा।
सोशल मीडिया से भी भाजपा पर साधा निशाना
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर किए गए अपने पोस्ट में राम मंदिर प्रकरण, विपक्ष पर कार्रवाई, पीडीए समाज, भाजपा और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूर्व मंत्री एवं बदायूं की साहसबान विधानसभा के पूर्व विधायक ओमकार सिंह यादव और आगरा की शेख सलीम चिश्ती दरगाह के सज्जादानशीन अयाज़ुद्दीन फरीदी चिश्ती उर्फ रईस मियां के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
