बरेली : शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सराय में मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि भैंस लेकर जा रहे युवक को कुछ लोगों ने रास्ते में घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमलावरों ने लाठी -डंडों, ईंट-पत्थरों से हमला किया और फायरिंग भी की। इस घटना में एक ही परिवार के तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस मामले को लेकर बरेली पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया है कि थाना प्रभारी सीबीगंज को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
भैंस लेकर जा रहे युवक को घेरने का आरोप
पीड़ित रवि यादव के मुताबिक वह सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच भैंस लेकर जा रहा था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उसे घेर लिया। रवि का आरोप है कि चीकू, भीमसेन, अर्जुन और पिंटू ने उसे रोककर हमला कर दिया। उसने बताया कि पहले उसके साथ मारपीट की गई, और फिर उस पर फायरिंग भी की गई। रवि का कहना है कि जब उसकी मां और बहन उसे बचाने पहुंचीं, तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा और लाठी-डंडों से पीट दिया।
महिला ने भी लगाए मारपीट और फायरिंग के आरोप
घटना में घायल बताई जा रही क्रांति ने भी आरोप लगाया कि उसके भाई को रास्ते में घेर लिया गया था। उसने कहा कि चीकू और चीकू के भाई ने लाठी-डंडों से हमला किया। महिला का आरोप है कि हमलावरों के पास बंदूक भी थी, और ईंट-पत्थरों से भी हमला किया गया। पीड़ित पक्ष के अनुसार इस हमले में रवि यादव, श्यामवती और क्रांति घायल हुए हैं। परिवार का कहना है कि हमले के पीछे कोई ठोस वजह नहीं थी, जबकि रवि ने आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी गोली चलाने जैसी घटना कर चुके हैं।
पीड़ित पक्ष ने पुरानी दबंगई का लगाया आरोप
रवि यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आरोपियों से उनकी कोई खास पुरानी रंजिश नहीं है, लेकिन वे गांव में दबंगई करते हैं। उसका कहना है कि आरोपियों की पुरानी हरकतों के वीडियो भी उनके पास मौजूद हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस बार भी बिना किसी बड़े कारण के उन्हें निशाना बनाया गया और जान से मारने की नीयत से हमला किया गया।हालांकि, फायरिंग और हमले के इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।
पुलिस ने जांच के बाद की कार्रवाई की बात
इस मामले में बरेली पुलिस ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया है कि थाना प्रभारी सीबीगंज को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की ओर से फिलहाल इतना ही कहा गया है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिक जानकारी के लिए थाना प्रभारी सीबीगंज से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन रिसीव न होने के कारण पुलिस का विस्तृत पक्ष नहीं मिल सका।
