सीबीगंज के परधौली गांव के पास हुआ हादसा, दिल्ली से पूरनपुर जा रही थी बस, चालक को झपकी आने की आशंका, पुलिस ने शीशे तोड़कर यात्रियों को निकाला
बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में गुरुवार को दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र के परधौली गांव के पास दिल्ली से पीलीभीत के पूरनपुर जा रही एक स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार 50 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि 25 से ज्यादा यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों में एक डेढ़ वर्षीय मासूम भी शामिल है। हादसे की सूचना मिलते ही सीबीगंज थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए पुलिस को बस के शीशे तोड़ने पड़े। सभी घायलों को जिला अस्पताल और आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बेटे का इलाज कराकर लौट रहे थे परिजन
पीलीभीत जिले के पूरनपुर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव निवासी मोहम्मद परवेज ने बताया कि वह अपनी पत्नी नगमा और डेढ़ साल के बेटे फैज के साथ दिल्ली से लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि फैज का दिल्ली में इलाज चल रहा था। गुरुवार सुबह करीब चार बजे जब बस बरेली के सीबीगंज क्षेत्र में पहुंची, तभी अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, जिससे बस पलटते ही अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे में परवेज की पत्नी नगमा को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि डेढ़ वर्षीय फैज का एक हाथ टूट गया और वह बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचा। परवेज को भी शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं।
चालक को झपकी आने की आशंका
घायल नगमा ने आशंका जताई कि बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ होगा। उन्होंने बताया कि बस किसी अन्य वाहन से नहीं टकराई थी, बल्कि अचानक संतुलन बिगड़ने के बाद पलट गई। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने तत्काल शुरू कराया राहत-बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बस चालक से भी पूछताछ की जाएगी।
