तेज धमाके जैसी आवाज से दहशत में आए लोग, मस्जिद की छत पर गिरा मलबा; किसी के हताहत न होने से लोगों ने ली राहत की सांस
मथुरा : मथुरा के चौक बाजार स्थित ऐतिहासिक जामा मस्जिद में बुधवार शाम करीब सात बजे अचानक गुंबद का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। घटना के समय मस्जिद के अंदर नमाज अदा की जा रही थी। तेज धमाके जैसी आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के दुकानदार व स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शी सचिन अग्रवाल के अनुसार, अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। पहले लोगों को किसी विस्फोट की आशंका हुई, लेकिन बाहर निकलकर देखा तो मस्जिद के गुंबद का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर चुका था। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया।
पास की दुकान पर मौजूद एक दुकानदार ने बताया कि गुंबद का टूटा हुआ हिस्सा मस्जिद की ऊपरी छत पर गिरा। यदि मलबा सीधे सड़क पर गिरता तो उस समय बाजार में मौजूद राहगीरों और दुकानदारों को गंभीर नुकसान हो सकता था। बाजार में सामान्य आवाजाही जारी थी, लेकिन मलबा सड़क तक नहीं पहुंचा, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों का अनुमान है कि पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण गुंबद का प्लास्टर और बाहरी हिस्सा कमजोर हो गया होगा। हालांकि, गुंबद का हिस्सा किन कारणों से गिरा, इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सोशल मीडिया पर भी घटना के फोटो और वीडियो तेजी से वायरल होने लगे। जामा मस्जिद कमेटी से संपर्क करने पर उन्होंने इस मामले में कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
स्थानीय लोगों ने ऐतिहासिक जामा मस्जिद की तकनीकी जांच कराने और आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते संरचनात्मक परीक्षण और मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।