महिला आरक्षण के तत्काल लागू करने की मांग का किया समर्थन, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में महिला संगठनों और नागरिक समाज के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने महिला आरक्षण के तत्काल क्रियान्वयन का समर्थन किया। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों, महंगाई और भाजपा की राजनीति को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।
महिला आरक्षण तुरंत लागू करने की उठाई मांग
सपा मुख्यालय पहुंचे महिला संगठनों, नेटवर्कों और नागरिक समाज के प्रतिनिधिमंडल ने अखिलेश यादव को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि संविधान (106वां संशोधन) अधिनियम, 2023 के तहत महिला आरक्षण को जनगणना और परिसीमन से अलग कर तत्काल लागू किया जाए।प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि महिला आरक्षण महिलाओं के संवैधानिक अधिकार और राजनीतिक भागीदारी का विषय है, इसलिए इसके क्रियान्वयन में और देरी नहीं होनी चाहिए।प्रतिनिधिमंडल ने आगामी संसद के मानसून सत्र में आवश्यक संशोधन कर महिला आरक्षण लागू कराने तथा इस मुद्दे पर संसद के भीतर और बाहर समाजवादी पार्टी से समर्थन देने का अनुरोध किया।
लोकसभा ही नहीं, राज्यसभा और विधान परिषद में भी मिले आरक्षण : अखिलेश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा महिलाओं के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का जल्द क्रियान्वयन होना चाहिए और यह केवल लोकसभा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि राज्यसभा और विधान परिषद में भी लागू किया जाना चाहिए ताकि महिलाओं को सभी विधायी संस्थाओं में समान प्रतिनिधित्व मिल सके।
कच्चे तेल की कीमतें घटने के बाद भी पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं घटे
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें घटने के बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं घटाए जाने पर केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे देशों में जनता को सस्ते तेल का लाभ मिला, लेकिन भारत में कीमतें कम नहीं की जा रहीं। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई और वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के पीछे भाजपा सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं। उनके अनुसार, इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है और परिवहन से लेकर खाद्य पदार्थों तक हर चीज महंगी हो रही है।
‘धर्म और धन की राजनीति’ पर तीखा हमला
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसकी ‘धर्म’ और ‘धन’ की राजनीति का अंत हो चुका है। उन्होंने कहा कि हाल में सामने आए कथित चढ़ावा और दान से जुड़े विवादों के बाद जनता भाजपा की राजनीति को समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि अब भाजपा केवल धन की राजनीति कर रही है, जबकि जनता महंगाई और भ्रष्टाचार से परेशान है।
आंकड़ों में बह रही मनोरमा नदी, सरकार कह रही सब सही है..
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मनोरमा नदी को लेकर तंज कसते हुए लिखा, “आँकड़ों में बह रही ‘मनोरमा’ नाम की एक नदी है, है प्रदूषित, सूखी पर सरकार कह रही सब सही है!”इस पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार जमीनी हकीकत के बजाय आंकड़ों के आधार पर विकास का दावा कर रही है,जबकि वास्तविक स्थिति इससे अलग है।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
