तड़के वीरांगना चौराहे के पास हादसा, दोस्त घायल, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, अज्ञात ट्रक की तलाश
बरेली: शहर के कैंट थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के भीषण सड़क हादसे में छुट्टी पर घर आए मर्चेंट नेवी के शिप मेंटेनेंस इंजीनियर ऋषि अरविंदो की दर्दनाक मौत हो गई।हादसा वीरांगना चौराहे के पास सेंट मारिया स्कूल के सामने हुआ। यहां तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में ऋषि की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि उनका दोस्त शुभम पाठक घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर के अनुसार सोमवार सुबह करीब 3:45 बजे पुलिस को सूचना मिली कि वीरांगना चौराहे से करीब 100 मीटर आगे सड़क पर एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान तत्काल नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने फोटो विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप और अन्य माध्यमों से साझा कर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया।
घायल दोस्त से पूछताछ में सामने आई पूरी घटना
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि हादसे में शुभम पाठक भी घायल हुआ है और शाहदाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शुभम से पूछताछ की। शुभम ने बताया कि रविवार रात ऋषि अरविंदो उसके घर आए थे। दोनों ने साथ खाना खाया और रात करीब 1:30 बजे स्कूटी से कैंट क्षेत्र में घूमने निकले थे। इसी दौरान वीरांगना चौराहे के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। शुभम के मुताबिक होश आने पर उसे ऋषि दिखाई नहीं दिए। वह किसी तरह स्कूटी लेकर घर पहुंचा, जिसके बाद परिजनों ने सुबह उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने शुभम से मिली जानकारी के आधार पर ऋषि के परिजनों को सूचना दी।
छुट्टी पर घर आया था मर्चेंट नेवी इंजीनियर
पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान नवादा जोगियान, दुर्गा नगर निवासी ऋषि अरविंदो के रूप में की। परिवार ने बताया कि ऋषि एक निजी शिपिंग कंपनी में शिप मेंटेनेंस इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे और अवकाश पर अपने घर आए हुए थे। परिवार में हादसे की खबर से कोहराम मच गया।
सीसीटीवी फुटेज से ट्रक की पहचान
क्षेत्राधिकारी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात ट्रक और उसके चालक की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
