सहसवान के सादपुर गांव में बारात के दौरान हाईटेंशन लाइन से टकराई डीजे ट्रॉली, करंट फैलने से एक युवक की मौत, पांच घायल, पुलिस जांच में जुटी
बदायूं : बदायूं जिले के सहसवान कोतवाली क्षेत्र में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बारात के दौरान डीजे की रंगशाला ट्रॉली हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गई। ट्रॉली में करंट दौड़ने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 12 बजे सहसवान कोतवाली क्षेत्र के सादपुर गांव में बारात गांव की गलियों से गुजर रही थी। इसी दौरान डीजे की ऊंची रंगशाला ट्रॉली रास्ते में नीचे लटक रहे हाईटेंशन बिजली के तार से छू गई। तार के संपर्क में आते ही पूरी ट्रॉली में तेज करंट फैल गया।
करंट की चपेट में आने से आपिल यादव पुत्र धर्मपाल यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं श्री ओम समेत पांच अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। शादी की खुशियां पलभर में चीख-पुकार में बदल गईं और बारात में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद लकड़ी और डंडों की मदद से करंट की चपेट में आए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह नीचे लटक रही हाईटेंशन लाइन और डीजे ट्रॉली की अधिक ऊंचाई मानी जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे ने एक बार फिर शादी समारोहों में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट: राजा खान,बदायूं