आमजन को मिलेगी त्वरित पुलिस सहायता, हर चौकी से होगा सीधा संपर्क, शिकायतों पर होगी तुरंत कार्रवाई
मुरादाबाद : मुरादाबाद पुलिस ने आमजन को बेहतर और त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सतपाल अंतिल की पहल पर जनपद की सभी पुलिस चौकियों के लिए अलग-अलग सीयूजी (CUG) मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद अब नागरिक अपने क्षेत्र की संबंधित पुलिस चौकी से सीधे संपर्क कर सकेंगे।
नई व्यवस्था के तहत लोग किसी भी सूचना, शिकायत या आपात स्थिति में अपने क्षेत्र की पुलिस चौकी के सीयूजी नंबर पर सीधे संपर्क कर पुलिस सहायता प्राप्त कर सकेंगे। इससे शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
एसएसपी सतपाल अंतिल की इस पहल का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करना, पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह और पारदर्शी बनाना तथा लोगों तक पुलिस की पहुंच को आसान बनाना है। अधिकारियों का मानना है कि इससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी सकारात्मक सहयोग मिलेगा।
मुरादाबाद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आवश्यकता पड़ने पर अपने क्षेत्र की संबंधित पुलिस चौकी के सीयूजी नंबर का ही उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि हर सूचना पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी सतपाल अंतिल की यह पहल जनहितैषी पुलिसिंग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे पुलिस की जवाबदेही बढ़ेगी, शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी और आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर त्वरित सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
रिपोर्ट: रेहान,मुरादाबाद