प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा प्रमुख ने कहा-भाजपा ने आस्था और श्रद्धा के साथ किया खिलवाड़,भ्रष्टाचार, पुलिस व्यवस्था, किसानों, सिख समाज और 2027 चुनाव को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना, सरकार पर लगाए कई गंभीर आरोप
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवाद, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, किसानों की समस्याओं, एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता, खाद संकट और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा को घेरा। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अयोध्या में आस्था और श्रद्धा के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर जो सवाल उठ रहे हैं, वे अब गांव-गांव और घर-घर पहुंच चुके हैं। उनका दावा था कि यदि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हुई तो कई बड़े तथ्य सामने आ सकते हैं।
भगवान श्रीराम और संविधान-दोनों की मर्यादा का सम्मान नहीं किया

उन्होंने कहा कि भाजपा ने भगवान श्रीराम और संविधान-दोनों की मर्यादा का सम्मान नहीं किया।इसलिए जनता अब भाजपा को न चंदा देगी, न दान और न वोट।उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र में विपक्ष की जिम्मेदारी निभा रही है। अयोध्या में एयरपोर्ट और सड़क चौड़ीकरण के दौरान किसानों तथा व्यापारियों के साथ मुआवजे में भेदभाव हुआ। लोगों को उचित मुआवजा नहीं मिला और बड़े पैमाने पर जमीनों में गड़बड़ी हुई। उन्होंने दावा किया कि स्थानीय लोगों में सरकार के खिलाफ नाराजगी है।
राम निवास धाम मंदिर के प्रतिनिधि ने लगाए गंभीर आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राम निवास धाम मंदिर के प्रतिनिधि हरिशंकर सफरीवाला ने भी मंदिर की संपत्ति और दान से जुड़े गंभीर आरोप लगाए। अखिलेश यादव ने कहा कि इस मामले में भी न्याय मिलना चाहिए और संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
हथेली गर्म, पुलिस नरम
कानून-व्यवस्था पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि थानों पर भाजपा का प्रभाव है और आम लोगों को न्याय नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा का ‘जीरो टॉलरेंस’ केवल दावा बनकर रह गया है। उनका कहना था कि प्रदेश में “हथेली गर्म, पुलिस नरम” की स्थिति है और हर विभाग में व्यवस्थित भ्रष्टाचार चल रहा है।
एक्सप्रेस-वे और खाद संकट पर भी उठाए सवाल
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार गुणवत्ता से समझौता करती है।उन्होंने बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और अन्य परियोजनाओं का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने किसानों के सामने डीएपी और यूरिया की कमी का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि समय पर खाद और बीज उपलब्ध न होने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार को इस संकट के लिए जिम्मेदार ठहराया।
सिख समाज के साथ की ज्यादती

इसी दिन समाजवादी पार्टी मुख्यालय में सिख सामाजिक न्याय यात्रा के समापन कार्यक्रम में भी अखिलेश यादव शामिल हुए। उन्होंने सिख समाज को बहादुर और देश की कृषि व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी सिख समाज को राजनीतिक सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसान, नौजवान और पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) समाजवादी पार्टी के साथ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाज को बांटने की राजनीति कर रही है, जबकि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। सिख समाज के साथ भाजपा ने ज्यादती की।
गाजीपुर में जन्मदिन पर अनोखा आयोजन

अपने 53वें जन्मदिन के अवसर पर गाजीपुर में समाजवादी लोहिया वाहिनी की ओर से किसानों ने करीब छह लाख वर्गफुट क्षेत्र में मक्का की बुवाई कर अखिलेश यादव की विशाल आकृति तैयार की। वर्चुअल संबोधन में अखिलेश यादव ने किसानों और युवाओं का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह का सम्मान उनके ऊपर और बड़ी जिम्मेदारी डालता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी सरकार बनने पर किसानों और युवाओं के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी।
2027 चुनाव का भी किया जिक्र
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि चुनाव जब भी कराए जाएं, पार्टी जनता के बीच मजबूती से जाएगी। साथ ही दावा किया कि जिस तरह 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को झटका लगा, उसी तरह 2027 में भी जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
