यूपी पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! 125 डिप्टी एसपी के तबादले, किस जिले में किसे मिली नई जिम्मेदारी?
प्रदेशभर में 125 डिप्टी एसपी अधिकारियों का तबादला, कमिश्नरेट, पीएसी, एटीएस और रेलवे पुलिस में नई तैनाती, कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी
लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार को पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए एक साथ 125 डिप्टी एसपी (उप पुलिस अधीक्षक) अधिकारियों के तबादले कर दिए। तबादला सूची में हाल ही में निरीक्षक से डिप्टी एसपी पद पर पदोन्नत हुए अधिकारियों के साथ विभिन्न जिलों, कमिश्नरेट, पीएसी, एटीएस, रेलवे पुलिस और अन्य इकाइयों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
कानून-व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से हुआ तबादला

जारी आदेश के अनुसार, इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना, प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाना तथा कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना है। शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को शीघ्र अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
कई जिलों के अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

तबादला सूची के अनुसार, कमलेश कांत का स्थानांतरण मुरादाबाद से गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट किया गया है। सुनील कुमार सिंह को भदोही से बिजनौर, अरुण कुमार शुक्ला को गोंडा से कौशांबी तथा मुकेश कुमार त्यागी को सहारनपुर से 47वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद भेजा गया है। इसके अलावा जावेद इकबाल खान को खीरी से 48वीं वाहिनी पीएसी सोनभद्र में नई तैनाती दी गई है।
इन अधिकारियों को भी मिली नई पोस्टिंग

रणवीर सिंह यादव को बागपत से शाहजहांपुर, राम किशन को बाराबंकी से गाजियाबाद कमिश्नरेट, अमित प्रताप सिंह को एएनटीएफ मुख्यालय लखनऊ से बहराइच तथा शिव ठाकुर को सहारनपुर से मेरठ भेजा गया है। इसके अलावा संदीप कुमार वर्मा, प्रदीप कुमार शर्मा, संदीप कुमार राय, विकास प्रताप सिंह चौहान, विजय कुमार पांडेय, रंजना सचान, संजय कुमार सिंह, अजय पाल सिंह, मुकेश कुमार, विवेक कुमार तिवारी, भास्कर कुमार सहित कई अन्य अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
प्रदेश के कई जिलों में हुआ व्यापक फेरबदल

तबादला सूची में मुरादाबाद, मेरठ, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर नगर, आगरा, झांसी, बरेली, अयोध्या, गाजीपुर, मुजफ्फरनगर, रायबरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बिजनौर, बागपत, बलरामपुर, बहराइच, बुलंदशहर सहित अनेक जिलों के अधिकारी शामिल हैं।
शासन ने दिए तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
शासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी स्थानांतरित अधिकारी बिना विलंब अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें। सरकार का मानना है कि इस प्रशासनिक बदलाव से पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।
