वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में ढेर हुआ इस्लामनगर डकैती कांड का मास्टरमाइंड, अस्पताल में सुरक्षा बढ़ाई गई
बदायूं : बदायूं के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बुधवार रात करीब नौ बजे वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी डकैत जीतेंद्र उर्फ डालू मारा गया। मुठभेड़ के दौरान उपनिरीक्षक नीरज कुमार और सिपाही अविनाश चौधरी भी गोली लगने से घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों और बदमाश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बदमाश को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
बुधवार रात सिविल लाइन थाना पुलिस बिल्सी मोड़ पर नई जेल के लिए प्रस्तावित भूमि के पास वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बदमाश को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के सीने में गोली लगी, जबकि दरोगा नीरज कुमार और सिपाही अविनाश चौधरी भी घायल हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने बदमाश को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 38 वर्षीय जीतेंद्र उर्फ डालू के रूप में हुई। वह वर्तमान में संभल जिले में रह रहा था, जबकि मूल रूप से हापुड़ जिले के धौलाना क्षेत्र का निवासी था।
इस्लामनगर डकैती कांड का था मास्टरमाइंड
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि मारा गया बदमाश 18-19 मई की रात इस्लामनगर थाना क्षेत्र में निजाकत के घर हुई डकैती का मुख्य साजिशकर्ता (मास्टरमाइंड) था। इस मामले में पुलिस पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि जीतेंद्र फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक सेमीऑटोमेटिक पिस्टल और कई कारतूस बरामद किए हैं। घायल उपनिरीक्षक नीरज कुमार और सिपाही अविनाश चौधरी का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी अंकिता शर्मा और एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
रिपोर्ट: राजा खान,बदायूं
