अयूब खां चौराहा पर बने स्काई वॉक से टिन तोड़कर नीचे गिरा युवक, जिला अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
बरेली : शहर के अयूब खां चौराहा स्थित स्काई वॉक से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हुए एक युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार रात करीब नौ बजे हुए इस हादसे के बाद पुलिस ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया था, लेकिन मंगलवार तड़के करीब चार बजे उसने दम तोड़ दिया। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का अनुमान है कि युवक कचरा बीनने वाला या नशे का आदी हो सकता है।
टिन तोड़ते हुए सड़क पर गिरा युवक
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, युवक स्काई वॉक की साइड में लगी टिन शीट तोड़ते हुए अचानक नीचे सड़क पर गिर गया। घटना के समय सड़क पर वाहनों की आवाजाही जारी थी। राहत की बात यह रही कि वह किसी वाहन की चपेट में नहीं आया, लेकिन ऊंचाई से गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की नहीं हो सकी पहचान
पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष है। उसके पास कोई पहचान पत्र या ऐसा सामान नहीं मिला। जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक कचरा बीनने वाला या सूखे नशे का आदी प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि स्काई वॉक के सभी प्रवेश द्वार कंटीले तारों से बंद किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग किसी तरह ऊपर पहुंच जाते हैं और वहीं रात गुजारते हैं। आशंका है कि नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने से युवक नीचे गिर गया।
12 करोड़ की लागत से बना, लेकिन अब तक नहीं हुआ संचालन
अयूब खां चौराहा स्थित स्काई वॉक का निर्माण स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया था। इसका उद्देश्य ऊपर दुकानों और फूड कोर्ट जैसी सुविधाएं विकसित कर लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाना था, लेकिन निर्माण के वर्षों बाद भी इसका व्यावसायिक संचालन शुरू नहीं हो सका। सूत्रों के अनुसार, कई निजी कंपनियों ने संचालन के लिए आवेदन किए थे, लेकिन जटिल नियमों और प्रक्रिया के कारण किसी को अधिकृत नहीं किया जा सका। अब नगर निगम स्वयं इसके संचालन की तैयारी कर रहा है।
उर्स के दौरान भी सामने आया था सुरक्षा का मुद्दा
हाल ही में दरगाह आला हजरत के उर्स के दौरान बड़ी संख्या में जायरीन स्काई वॉक पर चढ़ गए थे। भीड़ बढ़ने से पूरा ढांचा हिलने लगा था, जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने लोगों को नीचे उतरवाकर स्काई वॉक खाली कराया था। इसके बाद सुरक्षा के लिए प्रवेश मार्गों पर कंटीले तार लगाए गए थे। ताजा हादसे के बाद एक बार फिर स्काई वॉक की सुरक्षा व्यवस्था और उसकी निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक इसका नियमित संचालन या प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था नहीं होती, तब तक ऐसे हादसों की आशंका बनी रहेगी।
