2, 3 और 4 जुलाई को होने वाली यूपीटीईटी-2026 परीक्षा में शामिल होने वाले बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को मिलेगा विशेष अवकाश, शासन ने जारी किए निर्देश
लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 में शामिल होने वाले बेसिक शिक्षा विभाग के सेवारत शिक्षकों को बड़ी राहत दी है। शासन ने परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों को विशेष अवकाश देने का निर्णय लिया है। इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग के विशेष सचिव अवधेश कुमार तिवारी ने शिक्षा निदेशक (बेसिक) को आदेश जारी कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को यूपीटीईटी-2026 का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा में बेसिक शिक्षा विभाग के बड़ी संख्या में सेवारत शिक्षक शामिल होंगे। इसे देखते हुए शासन स्तर पर विशेष अवकाश स्वीकृत करने का निर्णय लिया गया है।
सरकार ने शिक्षा निदेशक (बेसिक) को निर्देश दिया है कि आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करते हुए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाए, ताकि परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
शासन ने इस आदेश की प्रतिलिपि महानिदेशक स्कूल शिक्षा, सचिव बेसिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज तथा प्रदेश के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) को भी भेजी है, ताकि संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई और सूचना समय पर सुनिश्चित की जा सके।
सरकार के इस फैसले से यूपीटीईटी-2026 में शामिल होने वाले हजारों सेवारत शिक्षकों को राहत मिलेगी। विशेष अवकाश मिलने से वे बिना किसी प्रशासनिक बाधा के परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।