रौनाही के सनाहा गांव में नदी देखने गए परिवार के पांच लोग हादसे का शिकार, पुलिस और गोताखोरों की टीम लापता दो युवतियों की तलाश में जुटी
अयोध्या : अयोध्या जिले के रौनाही थाना क्षेत्र के ग्राम सनाहा में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। नदी देखने गए एक ही परिवार के पांच लोग अचानक गहरे पानी में गिर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, गोताखोर और स्थानीय ग्रामीण बचाव कार्य में जुट गए।
बचाव अभियान के दौरान दोपहर करीब दो बजे तीन लोगों के शव बरामद कर लिए गए। मृतकों की पहचान सजरुल (45), साहिन बानो (38) और मरियम (18) के रूप में हुई है। वहीं नरगिश (18) और महक बानो (18) का देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल सका। दोनों की तलाश के लिए नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक परिवार के सभी सदस्य नदी देखने के लिए किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे गहरे पानी में जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण उन्हें बाहर नहीं निकाला जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान का जायजा लिया। पुलिस ने बरामद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से नदी में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि दोनों लापता युवतियों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।