Haj 2027 Application : हज-2027 के लिए आवेदन शुरू, 20 जुलाई तक करें अप्लाई, जानें पूरी प्रक्रिया
हज कमेटी ऑफ इंडिया ने जारी किए दिशा-निर्देश, 20 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन और अगस्त तक जमा करनी होगी अग्रिम राशि
नई दिल्ली : हज-2027 पर जाने के इच्छुक लोगों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार इच्छुक आवेदक 20 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन हज कमेटी की आधिकारिक वेबसाइट और “हज सुविधा” मोबाइल एप के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई
हज कमेटी ने स्पष्ट किया है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। इच्छुक यात्री निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन पत्र भरकर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें। अंतिम तिथि के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
जुलाई के अंत में होगा डिजिटल कुरआ
हज कमेटी ऑफ इंडिया के अनुसार जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में डिजिटल रैंडम चयन (कुरआ) की प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इसमें चयनित होने वाले आवेदकों को अस्थायी रूप से हज यात्रा के लिए चुना जाएगा।
चयनित यात्रियों को जमा करनी होगी अग्रिम राशि
अस्थायी रूप से चयनित प्रत्येक हज यात्री को 10 अगस्त 2026 तक 1,52,300 रुपये की अग्रिम राशि जमा करनी होगी। समिति ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के बाद भुगतान में किसी प्रकार की छूट या समय विस्तार नहीं दिया जाएगा।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
उत्तर प्रदेश हज कमेटी के सचिव मोहम्मद तारिक ने बताया कि आवेदन करते समय निम्न दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य होगा—
- मशीन-पठनीय भारतीय पासपोर्ट
- पासपोर्ट की वैधता कम से कम 31 दिसंबर 2027 तक होनी चाहिए
- नवीन पासपोर्ट आकार का फोटो
- बैंक पासबुक या रद्द (Cancelled) चेक की प्रति
- पते के प्रमाण पत्र की स्कैन कॉपी
मोबाइल से खींची गई फोटो नहीं होगी मान्य
हज कमेटी ने साफ किया है कि मोबाइल फोन से खींची गई सामान्य तस्वीरें स्वीकार नहीं की जाएंगी। सभी दस्तावेज निर्धारित मानकों के अनुसार स्कैन करके अपलोड करने होंगे।
सीट निरस्त करने पर लगेगा दंड
हज कमेटी ने यात्रियों से आवेदन से पहले सभी नियमों और घोषणापत्र को ध्यानपूर्वक पढ़ने की अपील की है। समिति ने बताया कि चयन के बाद सीट रद्द करने पर हज-2027 नीति के अनुसार निर्धारित आर्थिक दंड लगाया जाएगा, क्योंकि इससे यात्रा प्रबंधन और अन्य यात्रियों की व्यवस्था प्रभावित होती है।
पात्रता सुनिश्चित करने की सलाह
हज कमेटी ने सभी इच्छुक यात्रियों से कहा है कि आवेदन करने से पहले अपनी पात्रता, दस्तावेजों की वैधता और यात्रा संबंधी सभी नियमों की जांच अवश्य कर लें, ताकि बाद में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
