‘मियां’ शब्द के इस्तेमाल पर उठे सवालों का दिया जवाब, बोले- सभी पहले हिंदू थे, बाद में हुए कन्वर्टेड मुस्लिम
पीलीभीत : उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले नेताओं के बयानों ने राजनीतिक माहौल गर्माना शुरू कर दिया है। पीलीभीत सदर सीट से विधायक और योगी सरकार में गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार का एक बयान इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। मुसलमानों को अक्सर अपने भाषणों में ‘मियां’ कहकर संबोधित करने वाले मंत्री ने इस शब्द के इस्तेमाल पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए कहा कि जिस दिन मुस्लिम हिंदू बन जाएंगे, वह उन्हें मियां कहना छोड़ देंगे।
मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे ‘मियां’ शब्द के प्रयोग को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस संबोधन में कोई आपत्ति नहीं दिखती। मंत्री ने कहा कि वह जिस समुदाय को संबोधित करते हैं, उसी पहचान के आधार पर संबोधन करते हैं।
संजय सिंह गंगवार ने बातचीत में यह भी कहा कि वर्तमान मुस्लिम समाज के लोग “कन्वर्टेड मुस्लिम” हैं और पहले सभी हिंदू थे। उन्होंने कहा कि भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण के समय में मुस्लिम समाज का अस्तित्व नहीं था।
गन्ना राज्यमंत्री इससे पहले भी कई बार मुसलमानों को लेकर बयान दे चुके हैं। वह बीते कुछ महीनों से अपने भाषणों में ‘मियां’ शब्द का इस्तेमाल करते हुए यह कहते रहे हैं कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के बावजूद कुछ लोग वोट समाजवादी पार्टी को देते हैं।
मंत्री के इस ताजा बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। विपक्षी दल इस तरह के बयानों को चुनावी ध्रुवीकरण से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि समर्थक इसे उनकी व्यक्तिगत राय बता रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच नेताओं के बयान लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं। ऐसे में संजय सिंह गंगवार का यह बयान भी प्रदेश की राजनीति में नई बहस का विषय बन गया है।