इज्जतनगर में तड़के लगी आग से इलाके में अफरातफरी, दमकल की छह गाड़ियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
बरेली : शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में एयरफोर्स गेट के पास स्थित एक मिठाई की दुकान में मंगलवार तड़के भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के अंदर रखे एलपीजी सिलिंडर भी इसकी चपेट में आ गए। इस दौरान एक सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। जिसके चलते आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने छह दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया।
दुकान से उठता धुआं देख लोगों ने दी सूचना
मुख्य अग्निशमन अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, बैरियर वन चौकी क्षेत्र स्थित नैनीताल रोड पर एयरफोर्स गेट के निकट पी कुमार नामक मिठाई की दुकान एवं स्टोर में मंगलवार तड़के अचानक आग लग गई। सुबह के समय आसपास की अधिकांश दुकानें बंद थीं। स्थानीय लोगों ने दुकान से धुआं निकलते देखा तो तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
सिलिंडर फटने से दहशत, घरों से बाहर निकले लोग
दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान के भीतर रखे एलपीजी सिलिंडरों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक सिलिंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। इसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद आसपास के मकानों में रहने वाले लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। कुछ समय के लिए पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।
छह दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
एफएसओ संजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर रवाना कर दी गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए एक के बाद एक कुल छह फायर टेंडर मौके पर लगाए गए। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका और कड़ी मशक्कत के बाद उस पर पूरी तरह काबू पा लिया।
बड़ा हादसा टला, आग लगने के कारणों की जांच शुरू
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से आग आसपास की दुकानों और रिहायशी इलाकों तक नहीं पहुंच सकी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव की जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
हाल के अग्निकांडों के बाद बढ़ी चिंता
लखनऊ समेत प्रदेश में हाल के दिनों में हुई आग की घटनाओं के बाद प्रशासन और अग्निशमन विभाग पहले से ही सतर्क है। ऐसे में बरेली में हुई इस घटना ने एक बार फिर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की आवश्यकता को रेखांकित कर दिया है। अधिकारियों ने व्यापारियों से अग्निशमन यंत्र, गैस सिलिंडरों के सुरक्षित रखरखाव और विद्युत उपकरणों की नियमित जांच कराने की अपील की है।
