कादरचौक-उसहैत मार्ग पर दर्दनाक हादसा, दावत से लौट रहे परिवार की छह वर्षीय बच्ची की मौके पर मौत
बदायूं : जिले के कादरचौक थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार सरकारी एंबुलेंस की टक्कर से छह वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए एंबुलेंस को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह दर्दनाक घटना कादरचौक-उसहैत रोड पर कादरचौक कस्बे के पास हुई। मृतक बच्ची की पहचान गौरी नगला गांव निवासी श्याम सिंह की छह वर्षीय पुत्री कोमल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार पूरा परिवार कासगंज जिले के ओमनागरिया गांव में एक दावत में शामिल होकर वापस लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार सरकारी एंबुलेंस ने बच्ची को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि मासूम कोमल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर कादरचौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सरकारी एंबुलेंस खाली थी और तेज गति से चल रही थी। पुलिस ने एंबुलेंस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मासूम कोमल की असमय मौत से गौरी नगला गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।