बरेली : यूपी के बरेली देहात की भोजीपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार गौकशी और पुलिस पर फायरिंग के मामलों में वांछित चल रहा जाहिद उर्फ अंडा पुलिस टीम को देखकर भागने लगा और गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और बाइक बरामद की गई है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक थाना भोजीपुरा की टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 20 हजार रुपये का इनामी बदमाश जाहिद उर्फ अंडा अपने एक साथी के साथ इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घुरसमसपुर रोड पर घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा और खुद को घिरा पाकर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग में सिपाही घायल, जवाबी कार्रवाई में बदमाश दबोचा
पुलिस का कहना है कि आरोपी की फायरिंग में आरक्षी विकास घायल हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें जाहिद के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद वह मौके पर ही गिर गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद घायल बदमाश और घायल पुलिसकर्मी दोनों को इलाज के लिए सीएचसी भोजीपुरा भेजा गया।
तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और एक हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी अनुराग आर्य द्वारा 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पूछताछ में कबूला गौकशी का मामला, साथी की तलाश
पुलिस पूछताछ में जाहिद उर्फ अंडा ने बताया कि उसके खिलाफ भोजीपुरा थाने में गौकशी और पुलिस पर फायरिंग के मुकदमे दर्ज हैं। उसने यह भी स्वीकार किया कि जनवरी 2026 में अपने साथियों के साथ मिलकर गौकशी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी ने अपने फरार साथी का नाम अजीम उर्फ मोती बताया है, जो मुठभेड़ के दौरान मौके से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। वहीं गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
