बरेली: मुहर्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए बरेली पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जिले में इस बार कुल 966 ताजिया जुलूस निकलेंगे। इनमें सबसे ज्यादा जुलूस 25 और 26 जून को होंगे। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस, पीएसी, क्यूआरटी, ड्रोन और 360 डिग्री कैमरों से लैस पीआरवी की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर रखी जाएगी।
966 जुलूसों के लिए विशेष तैयारी
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पूरे जिले में कुल 966 ताजिया जुलूस निकाले जाएंगे। इसके अलावा 1033 ताजियेदार, 135 कर्बला, 95 अंजुमन, 22 मजलिस और 58 मेले आयोजित होंगे। सभी कार्यक्रमों का तारीख के हिसाब से पूरा चार्ट तैयार किया गया है और हर दिन उसकी समीक्षा की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की परेशानी न हो।
12 फीट से ऊंचे ताजिए नहीं निकलेंगे
एसएसपी ने बताया कि जिले के सभी थाना, चौकी, सर्किल और जिला स्तर पर पीस कमेटी की बैठकें हो चुकी हैं। इन बैठकों में सभी ताजियेदारों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि 12 फीट से ज्यादा ऊंचाई का ताजिया न बनाया जाए। ऐसा इसलिए किया गया है ताकि बिजली की हाईटेंशन लाइनें और अन्य अवरोध जुलूस के दौरान किसी हादसे का कारण न बनें। सभी ताजियेदारों ने इस बात पर सहमति भी जताई है और पुलिस भी इसकी निगरानी करेगी।
ड्रोन से निगरानी, सोशल मीडिया पर भी रहेगी नजर
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सुरक्षा के लिए क्यूआरटी टीम, पीएसी की तीन कंपनियां और ड्रोन कैमरे तैनात किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया जा रहा है और 360 डिग्री कैमरों वाली पीआरवी भी लगाई गई हैं। पुलिस मित्रों, सिविल डिफेंस और प्रशासन के साथ मिलकर लगातार लोगों से संवाद किया जा रहा है। साथ ही डिजिटल वॉलंटियर्स की मदद से सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। एसएसपी ने लोगों से अपील की कि मुहर्रम के दौरान केवल परंपरागत तरीके से ही आयोजन करें। कोई नया या गैर-परंपरागत कार्यक्रम न करें और ऐसा कोई काम न करें जिससे जिले की शांति व्यवस्था प्रभावित हो। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन सभी आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।
