मुरादाबाद। यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान जहां हजारों अभ्यर्थी भीषण गर्मी में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे, वहीं थाना गलशहीद पुलिस ने सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए अभ्यर्थियों की मदद के लिए विशेष व्यवस्थाएं कीं। पुलिस के इस मानवीय प्रयास की अभ्यर्थियों और उनके परिजनों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।
भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए दूर-दराज के जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मुरादाबाद पहुंचे थे। तेज धूप और गर्म मौसम को देखते हुए थाना गलशहीद पुलिस ने परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों के लिए राहत की व्यवस्था की। पुलिसकर्मियों ने अभ्यर्थियों को केले वितरित किए और रोडवेज बस स्टैंड समेत विभिन्न प्रमुख स्थानों पर ठंडे पेयजल और हवा की व्यवस्था कराई।

परीक्षा केंद्रों के बाहर तैनात पुलिसकर्मी लगातार अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन करते रहे और जरूरतमंद छात्रों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई। इससे अभ्यर्थियों को गर्मी से राहत मिलने के साथ-साथ परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में भी सुविधा हुई। अभ्यर्थियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के बीच की गई यह व्यवस्था उनके लिए काफी मददगार साबित हुई। वहीं परिजनों ने भी पुलिस के इस सेवा भाव को सराहा और कहा कि इस तरह की पहल से पुलिस और जनता के बीच विश्वास और मजबूत होता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर समाज के हर वर्ग की मदद के लिए आगे आती है। थाना गलशहीद पुलिस ने भर्ती परीक्षा के दौरान जिस तरह से अभ्यर्थियों की सुविधा का ध्यान रखा, वह जनसेवा का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
भर्ती परीक्षा के दौरान दिखाई गई इस संवेदनशीलता और सेवा भावना की पूरे शहर में चर्चा हो रही है। लोग पुलिस के इस सकारात्मक और मानवीय चेहरे की सराहना कर रहे हैं, जिसने अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा का सफर कुछ आसान बनाने का काम किया।
