आईटीआई सीबीगंज में संगोष्ठी और प्रदर्शनी का आयोजन, विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
बरेली : केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सीबीगंज में कौशल प्रदर्शनी एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने अपने कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी भी साझा की। कार्यक्रम का शुभारंभ मीरगंज विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। यह आयोजन व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
सरकारी योजनाओं की गूंज

प्रदर्शनी में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के अंतर्गत जनपद में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों के प्रशिक्षार्थियों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया।युवाओं ने संवाद, गीत और नाटक के माध्यम से सरकार की विभिन्न रोजगार एवं कौशल विकास योजनाओं के बारे में जागरूकता फैलाने का प्रयास किया। कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक अवनीश कुमार और एमआईएस मैनेजर रूद्र प्रताप सिंह ने उपस्थित युवाओं एवं अभिभावकों को कौशल विकास मिशन और रोजगारपरक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका

मुख्य अतिथि डॉ. डी.सी. वर्मा ने अपने संबोधन में केंद्र और प्रदेश सरकार की पिछले 12 वर्षों की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कौशल विकास कार्यक्रम युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। साथ ही उन्होंने सभी प्रशिक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के नोडल प्रधानाचार्य एवं जिला समन्वयक शिव कुमार शर्मा, संस्थान के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विजय पाल सिंह ने किया। बताया गया कि यह आयोजन 5 जून से 21 जून 2026 तक चल रहे जनकल्याण एवं जन -जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया है, जिसके माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।
