फतेहगंज पूर्वी के शिवराजपुर गांव का मामला, जमीन विवाद में लगाया आरोप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बरेली : यूपी के बरेली देहात के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने जमीन विवाद को लेकर दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों से पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि इंस्पेक्टर फतेहगंज पूर्वी ने “The justice Hindi” को बताया कि महिला की मौत बाइक दुर्घटना में सिर पर गंभीर चोट लगने से हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार शिवराजपुर निवासी मुकेश की पत्नी नन्हीं देवी (38 वर्ष) सोमवार सुबह अपने बेटे अजीत के साथ बाइक से घर लौट रहीं थी। पुलिस के मुताबिक,जरौल और इटौरिया गांव के बीच उनकी बाइक सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में नन्हीं देवी सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। उन्हें तत्काल फरीदपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ये बिजली का पोल आंधी में गिर गया था, जो कूड़े से ढकने के कारण नहीं दिख रहा था। इस मामले में सीओ फरीदपुर के भी जांच पड़ताल की। हालांकि, परिजनों ने जमीन की पैमाइश को जाने के दौरान मौत का आरोप लगाया है।
परिजनों ने लगाया मारपीट कर हत्या का आरोप
मृतका के पति मुकेश का आरोप है कि उनकी पैतृक जमीन को लेकर पिछले दो वर्षों से विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि जमीन पर कब्जे को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने पहले भी परिवार के साथ मारपीट की थी। सोमवार को राजस्व विभाग की ओर से पैमाइश होनी थी, और इसी सिलसिले में नन्हीं देवी अपने बेटे के साथ जा रही थीं। आरोप है कि रास्ते में विरोधी पक्ष के लोगों ने उन्हें घेरकर लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे नन्हीं देवी की मौत हो गई और बेटा अजीत भी घायल हो गया। मगर, पुलिस की जांच में मामला एक्सीडेंट से मौत का मिला है।
दो साल से चल रहा जमीन विवाद
परिजनों के अनुसार विवादित जमीन को लेकर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं। मामला थाना दिवस, तहसील समाधान दिवस और उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया गया, लेकिन समाधान नहीं हो सका। परिवार का कहना है कि प्रशासनिक स्तर पर समय रहते कार्रवाई होती तो यह घटना नहीं होती।
पुलिस ने बताया हादसा, जांच जारी
सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने मीडिया को बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला की मौत बाइक के बिजली के पोल से टकराने के बाद गिरने से हुई प्रतीत हो रही है।उन्होंने बताया कि जमीन विवाद का मामला पहले से न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी नजर
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
