गाजियाबाद की घटना को बताया दुखद, अभिभावकों की भूमिका पर भी उठाए सवाल
बिजनौर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बिजनौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड का जिक्र करते हुए अपराधियों को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दोस्ती के नाम पर हिंसा, छुरेबाजी और आपराधिक घटनाएं किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जा सकतीं। सीएम योगी ने कहा कि गाजियाबाद की यह घटना बेहद दुखद है और इसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने अभिभावकों की जिम्मेदारी पर भी जोर देते हुए कहा कि यदि माता-पिता अपने बच्चों को सही संस्कार और उचित दिशा देने में असफल रहते हैं तो यह समाज के लिए चिंता का विषय है।
कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हमेशा कानून का पालन करने वाले नागरिकों के साथ खड़ी है। वहीं, कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले और समाज में अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसी आपराधिक घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बिजनौर दौरे पर कई योजनाओं का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को बिजनौर जनपद के अफजलगढ़ क्षेत्र स्थित आलमपुर गांवड़ी गांव पहुंचे। दोपहर करीब 1:55 बजे उनका हेलीकॉप्टर हेलीपैड पर उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विदुर ब्रांड उत्पादों, कृषि एवं उद्यानिकी प्रदर्शनी, ऊर्जा विकास से जुड़े स्टॉलों और पुलिस विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही प्रेरणा कैफे का उद्घाटन भी किया।
शरणार्थी और पूर्व सैनिक परिवारों से की मुलाकात
सीएम योगी ने पाकिस्तान से विस्थापित होकर आए शरणार्थी परिवारों और पूर्व सैनिक परिवारों से मुलाकात की। कार्यक्रम के दौरान कृषकों और पूर्व सैनिकों को अधिकार पत्र एवं खतौनी का वितरण किया गया। इसके अलावा कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया।
अपराधियों के खिलाफ सख्ती जरूरी
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अहिंसा और करुणा मानवता के आभूषण हैं, लेकिन समाज और राष्ट्र के सामने अपराधी एवं दुष्ट प्रवृत्तियों से सख्ती से निपटना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि सज्जनों की रक्षा और दुष्कर्मियों के दमन के लिए दृढ़ता आवश्यक है।
देश विरोधी गतिविधियों पर भी कड़ा रुख
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग आम नागरिकों, गरीबों, महिलाओं और समाज की सुरक्षा के लिए खतरा बनते हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने देश विरोधी गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि कानून का शासन सर्वोपरि है और अपराध तथा अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और आम लोग मौजूद रहे। सभास्थल के आसपास वाहनों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं।
