बरेली : शहर के थाना कैण्ट क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां प्रेम विवाह के महज 10 महीने बाद एक गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पूरे मामले में थाना कैण्ट प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर और उनकी पुलिस टीम की सक्रियता अहम रही। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मृतका के गर्भ में पल रहे शिशु की भी मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले में और गंभीर धाराएं बढ़ा दी हैं।
दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर उठाया आत्मघाती कदम!
मृतका के पिता कृष्णपाल निवासी ग्राम मिलक मझारा थाना भमौरा ने थाना कैण्ट में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी 21 वर्षीय पुत्री वंदिता उर्फ बीनू को शादी के बाद से लगातार दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था, उसके साथ मारपीट होती थी और उसे लगातार धमकाया जाता था। परिवार के मुताबिक इन्हीं परिस्थितियों से तंग आकर वंदिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही थाना कैण्ट पुलिस मौके पर पहुंची और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जांच में हुआ बड़ा खुलासा, गर्भस्थ शिशु की भी चली गई जान
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका वंदिता गर्भवती थी। उसकी मौत के साथ गर्भ में पल रहे शिशु की भी मौत हो गई। इस खुलासे के बाद पुलिस ने मामले को और गंभीर मानते हुए मुकदमे में धारा 91 बीएनएस की बढ़ोतरी की। पुलिस के अनुसार इस मामले में धारा 91/80(2)/85/115(2)/351(2) बीएनएस और 3/4 डीपी एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
मुखबिर की सूचना पर पति और ससुर गिरफ्तार
ज़िले में चलाए जा रहे वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत थाना कैण्ट पुलिस ने 28 मई को मुखबिर की सूचना पर ग्राम चौबारी मोड़ के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में मृतका का पति आकाश निवासी ग्राम चौबारी थाना कैण्ट उम्र 23 वर्ष तथा ससुर जगदीश उम्र 50 वर्ष शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
पूछताछ में सामने आई प्रेम विवाह और पारिवारिक विरोध की कहानी
पूछताछ में आरोपी आकाश ने बताया कि वह बरेली-बदायूं रोड पर इको वाहन चलाने का काम करता है। उसका और वंदिता का प्रेम संबंध था, जिसके चलते दोनों ने करीब 10 महीने पहले प्रेम विवाह किया था। आरोपी के मुताबिक दोनों परिवार इस शादी से खुश नहीं थे और विवाह का विरोध करते थे। आकाश ने पुलिस को बताया कि घटना वाली रात सभी लोग खाना खाने के बाद सो गए थे। इसी दौरान उसकी पत्नी ने कथित तौर पर फांसी लगा ली। वहीं ससुर जगदीश, जो पेशे से होमगार्ड बताया जा रहा है, उसने भी पुलिस को बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वंदिता को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
