शिक्षकों से भूसा जुटाने के आदेश पर गरमाई सियासत, सपा प्रमुख ने कसा तंज, स्वास्थ्य मंत्री से पत्रकार बन गए…,CBSE रिजल्ट विवाद पर बोले- “बच्चों के भविष्य से खिलवाड़”
मशहूर शायर बशीर बद्र के इंतकाल पर जताया दुख, ईद -उल-अज़हा की दी मुबारकबाद
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में बिजली व्यवस्था को लेकर भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट करते हुए यूपी की मौजूदा बिजली व्यवस्था की तुलना ‘गुजरात मॉडल’ से करते हुए कहा कि अब उसका “ट्रांसफॉर्मर फुंक गया है” और व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है।
ज़बरदस्ती जोड़े गए तारों में चिंगारी निकल रही है….
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने ट्वीट में लिखा कि यूपी में “ज़बरदस्ती जोड़े गए तारों में चिंगारी निकल रही है, मीटर बिना बिजली के दौड़ रहे हैं और भाजपाइयों के पीछे जनता दौड़ रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बिजली आपूर्ति, स्मार्ट मीटर और बिजली प्रबंधन की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और स्मार्ट मीटरों को लेकर शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। सपा प्रमुख लगातार आरोप लगा रहा है कि बिजली के बिल बढ़ रहे हैं, लेकिन लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरों तक लोग गर्मी में बिजली संकट से जूझ रहे हैं।
“बड़ों-बड़ों के प्रशिक्षक खुद ही फेल हो गए”
अपने ट्वीट में अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए लिखा, “बड़ों-बड़ों के प्रशिक्षक खुद ही फेल हो गए हैं, उनके शिष्य का क्या?” उन्होंने बिना नाम लिए भाजपा नेतृत्व और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता अब जवाब मांग रही है कि “किसी भी समस्या के आने पर भाजपाई हाथ क्यों खड़े कर देते हैं?”
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ट्वीट
अखिलेश यादव का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। समर्थक इसे सरकार पर बड़ा राजनीतिक हमला बता रहे हैं, जबकि भाजपा समर्थक भी इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। प्रदेश में बिजली संकट और स्मार्ट मीटर को लेकर पहले से चल रही बहस के बीच यह बयान राजनीतिक माहौल को और गर्माता दिखाई दे रहा है।
शिक्षकों से भूसा जुटाने के आदेश पर गरमाई सियासत, अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला
शिक्षकों से गोशालाओं के लिए भूसा जुटाने के वायरल आदेश को लेकर सियासत तेज हो गई है।अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “अध्यापकों को भूसा जुटाने के काम पर लगाने से अच्छा होगा कि भाजपा अपनी नैतिकता का भंडार खोल दे, जहां भूसा ही भूसा भरा है।” उन्होंने इस आदेश को निंदनीय बताया। वहीं शिक्षक संगठनों ने भी गैर-शैक्षणिक कार्यों का बोझ बढ़ाने पर नाराजगी जताई है। दूसरी ओर शिक्षा विभाग ने सफाई देते हुए कहा कि शिक्षकों को व्यक्तिगत रूप से भूसा लाने के लिए बाध्य नहीं किया गया है, बल्कि लोगों को दान के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए थे।
मंत्रियों के इंटरव्यू पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- “स्वास्थ्य मंत्री से पत्रकार बन गए”
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट करते हुए प्रदेश की बिजली व्यवस्था और मंत्रियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। सपा प्रमुख ने तंज कसते हुए लिखा, “जो स्वास्थ्य मंत्री के रूप में साबित हो गये बेकार, अब वो बन गये पत्रकार… क्योंकि समय बिताने के लिए करना है कुछ काम। सरकार, संगठन और दल में तो पहले ही नाकाम हो चुके हैं।”उन्होंने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी में प्रदेश की जनता बिजली कटौती और बीमारियों से परेशान है, जबकि भाजपा के मंत्री “इंटरव्यू-इंटरव्यू” खेलकर गर्मी की छुट्टियां मना रहे हैं। अखिलेश यादव ने आगे लिखा, “फिर डपट पड़ेगी डिप्टी को… बेहद बचकाना!”
मशहूर शायर बशीर बद्र के इंतकाल पर एसपी चीफ ने जताया दुख
उर्दू अदब के मशहूर शायर और पद्मश्री सम्मानित बशीर बद्र के इंतकाल पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गहरा दुख जताया है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक संदेश साझा करते हुए लिखा। “कुछ ‘इंसान’ यूँ ज़िंदगी गुज़ार कर जाते हैं,उलझे हालात में सुलझाव-से याद आते हैं।”उन्होंने बशीर बद्र को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। बशीर बद्र के निधन की खबर से साहित्य जगत और उनके चाहने वालों में शोक की लहर है। उनकी गजलें और शेर आज भी लोगों के दिलों में खास जगह रखते हैं।
CBSE रिजल्ट विवाद पर बोले- “बच्चों के भविष्य से खिलवाड़”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने CBSE रिजल्ट विवाद को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि कॉपियों की दोबारा जांच से क्या फायदा, जब पूरा सिस्टम ही भ्रष्ट है। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है और कोई जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। सपा प्रमुख का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा
ईद-उल-अजहा पर अखिलेश यादव ने दी मुबारकबाद, अमन और भाईचारे की दुआ
ईद-उल-अजहा के मौके पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेशवासियों और देशभर के लोगों को मुबारकबाद दी है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा, “ईद उल अज़हा मुबारक।”सपा प्रमुख के इस संदेश के बाद उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं। देशभर में ईद-उल-अजहा का त्योहार अमन, भाईचारे और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। मस्जिदों और ईदगाहों में लोगों ने नमाज़ अदा कर मुल्क में खुशहाली, तरक्की और शांति की दुआ मांगी।
