बरेली: भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच एंटी करप्शन टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने तहसील सदर में तैनात एक राजस्व लेखपाल को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि जमीन की दाखिल-खारिज प्रक्रिया कराने के बदले पैसे मांगे गए थे। शिकायत मिलने के बाद टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ लिया।
दाखिल-खारिज के नाम पर मांगी गई थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता बली मोहम्मद निवासी कर्मपुर चौधरी, थाना इज्जतनगर ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि उनके 171 वर्ग गज के प्लॉट की दाखिल-खारिज करने के बदले लेखपाल द्वारा 5 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।
ट्रैप टीम ने तहसील सदर में की कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम बरेली ने मामले को गंभीरता से लिया और योजना बनाकर कार्रवाई की। मंगलवार शाम करीब 5:02 बजे टीम ने तहसील सदर के कक्ष में आरोपी लेखपाल विपिन पटेल को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
आरोपी लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विपिन पटेल के रूप में हुई है, जो वर्तमान में महेशपुर शिव सिंह क्षेत्र में राजस्व लेखपाल के पद पर तैनात था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भ्रष्टाचार की शिकायत करने वालों के लिए जारी किए गए नंबर
एंटी करप्शन टीम ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी सरकारी कर्मचारी द्वारा रिश्वत की मांग की जाती है, तो उसकी शिकायत सीधे विभाग तक पहुंचाई जा सकती है। इसके लिए पुलिस उपाधीक्षक एंटी करप्शन टीम बरेली का मोबाइल नंबर 9454405475 और प्रभारी निरीक्षक एंटी करप्शन टीम बरेली इकाई का मोबाइल नंबर 9454401653 जारी किया गया है। विभाग का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
