बरेली : उत्तर प्रदेश में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरेली प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई कर 11 अपराधियों को जिला बदर कर दिया है। जिलाधिकारी (डीएम) अविनाश सिंह ने उ०प्र० गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत यह कार्रवाई करते हुए साफ संदेश दिया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। जिला प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, मई 2026 में विभिन्न थाना क्षेत्रों के चिन्हित अपराधियों को धारा-3(1) उ०प्र० गुण्डा अधिनियम के अंतर्गत जिला बदर किया गया है। यह कार्रवाई प्रदेश सरकार की अपराध के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत की गई है।
कानून व्यवस्था पर सख्ती
जिला बदर किए गए अपराधियों में थाना इज्जतनगर क्षेत्र के रंजीत, सुरजीत सिंह, पंकज यादव और सचिन शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ अलग-अलग वाद संख्या दर्ज थीं और लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के चलते प्रशासन ने सख्त कदम उठाया।इसके अलावा थाना शेरगढ़ के महीपाल, थाना बिथरी चैनपुर के खलील और कैशव पटेल पर भी जिला बदर की कार्रवाई की गई।वहीं थाना बारादरी क्षेत्र के अवधेश उर्फ राजकुमार, पिंटू उर्फ टिंकू और लक्की राठौर को भी जिला सीमा से बाहर रहने के आदेश दिए गए हैं।
पप्पू बुलेट भी जिला बदर
इसके साथ ही थाना बहेड़ी क्षेत्र के मो. आरिफ उर्फ पप्पू बुलेट के खिलाफ भी जिला बदर की कार्रवाई अमल में लाई गई है। प्रशासन का कहना है कि इन अपराधियों की गतिविधियों से आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा था, जिसे देखते हुए यह कदम उठाया गया। डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अपराध जगत में हड़कंप मच गया है। वहीं, आम लोगों ने इसे कानून व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बताया है।
