लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी में एक युवती का शव छह टुकड़ों में काटकर बक्से और बैग में भरकर छोड़ दिया गया। घटना का खुलासा रविवार सुबह उस समय हुआ जब ट्रेन गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पहुंची। शव की हालत देखकर स्टेशन पर हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक ट्रेन की स्लीपर बोगी एस-1 में एक लावारिस बक्सा और बैग पड़ा मिला। सूचना मिलने पर जीआरपी और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। जब बक्सा खोला गया तो उसमें 25 से 30 वर्ष की युवती का सिर कटा धड़ मिला। वहीं पास रखे बैग से पॉलीथीन में पैक हाथ और पैर बरामद किए गए। हालांकि शव का सिर अभी तक बरामद नहीं हो सका है।
बेहद शातिराना तरीके से पैक किया गया शव
पुलिस के अनुसार हत्यारों ने शव को बेहद शातिराना तरीके से पैक किया था, ताकि खून के धब्बे बाहर न आएं और किसी को शक न हो। आशंका जताई जा रही है कि शव को किसी धारदार हथियार या इलेक्ट्रॉनिक कटर से काटा गया है। शव पर अन्य चोटों के निशान नहीं मिले हैं। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
20 रेलवे स्टेशनों के CCTV खंगालेगी पुलिस
एसीपी रेलवे रोहित मिश्र ने बताया कि मामले की जांच के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। युवती की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। ट्रेन छपरा से लखनऊ के बीच करीब 20 स्टेशनों से होकर गुजरती है। ऐसे में सभी स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे ताकि यह पता लगाया जा सके कि बक्सा और बैग ट्रेन में कौन लेकर चढ़ा था। पुलिस बोगी में सफर करने वाले आरक्षित यात्रियों का विवरण भी जुटा रही है। हालांकि सामान्य टिकट वाले यात्रियों की वजह से जांच में चुनौती बढ़ सकती है।
ग्रामीण परिवेश की हो सकती है युवती
पुलिस के मुताबिक बॉक्स में मिले युवती के धड़ पर रंगबिरंगा सूट था। कपड़ों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि युवती ग्रामीण परिवेश से जुड़ी हो सकती है। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।
रेलवे प्रशासन में मचा हड़कंप
चलती ट्रेन में इस तरह शव मिलने की घटना से रेलवे प्रशासन में भी हड़कंप मच गया है। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल से लेकर गोरखपुर मुख्यालय तक के अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। घटना के बाद यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
