मुरादाबाद : शहर के चर्चित डकैती कांड में मुरादाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में तीन और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से डकैती के दौरान लूटी गई 1 करोड़ 20 लाख रुपये की नगदी में से 22 लाख रुपये से ज्यादा की रकम बरामद की गई है। इससे पहले दो दिन पूर्व पुलिस ने पीतल कारोबारी की बेटी और उसके प्रेमी सहित कुल पांच अभियुक्तों को 47 लाख रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस लगातार कार्रवाई करते हुए अब तक कुल आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चुकी है।
कारोबारी की बेटी ने प्रेमी संग रची थी साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि थाना नागफनी क्षेत्र स्थित अकबर कम्पाउंड निवासी पीतल कारोबारी इमरान की बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस बड़ी डकैती की साजिश रची थी। 11 मई की रात आरोपियों ने परिवार को तमंचों के बल पर बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। घटना के दौरान बदमाश घर से करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये की नगदी लेकर फरार हो गए थे। शहर के बीचोंबीच हुई इस बड़ी डकैती की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।
लगातार गिरफ्तारी कर रही पुलिस
मुरादाबाद पुलिस मामले के खुलासे के बाद लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है। अब तक कुल आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है और लूटी गई रकम का बड़ा हिस्सा भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।
