लखीमपुर-खीरी : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर-खीरी जिले में सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। लखीमपुर-बहराइच नेशनल हाईवे 730 पर ट्रक और मैजिक गाड़ी की जोरदार भिड़ंत में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। जानकारी के मुताबिक यह हादसा सोमवार सुबह करीब 8 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि मैजिक गाड़ी में करीब 12 लोग सवार थे, जो लखीमपुर से मजदूरी कर अपने गांव नानपारा वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने मैजिक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
मौके पर मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को सीएचसी खमरिया भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने 10 लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
मृतकों में सगे भाई भी शामिल
पुलिस ने हादसे में मारे गए नौ लोगों की पहचान कर ली है। मृतकों में पवन और सोहन नाम के दो सगे भाई भी शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार मैजिक गाड़ी लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक बहराइच की तरफ से आ रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
