बदायूं : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां गंगा स्नान के दौरान एक 14 वर्षीय किशोरी की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा बदायूं के कछला गंगा घाट पर हुआ, जहां कासगंज से अपने परिवार के साथ स्नान करने आई किशोरी अचानक गहरे पानी में चली गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिवार में कोहराम फैल गया।
दरअसल, कासगंज जिले के थाना कासगंज क्षेत्र के बहेरिया गांव निवासी संजू शुक्रवार सुबह अपने परिवार के साथ बदायूं के प्रसिद्ध कछला गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 10 बजे परिवार गंगा स्नान कर रहा था। इसी दौरान उनकी 14 वर्षीय बेटी मुस्कान स्नान करते-करते अचानक गहरे पानी की तरफ चली गई।
परिजनों को जब तक कुछ समझ आता, तब तक मुस्कान गंगा की तेज धारा में डूबने लगी। परिवार के लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह देखते ही देखते पानी में लापता हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कछला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद गोताखोरों की टीम को बुलाया गया और गंगा में किशोरी की तलाश शुरू की गई। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने मुस्कान को गंगा से बाहर निकाला। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घाट पर मौजूद लोग भी इस दर्दनाक घटना को देखकर भावुक हो गए। पुलिस ने परिजनों को पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी, लेकिन परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजन शव को अपने साथ घर ले गए।
इस हादसे के बाद एक बार फिर गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट पर कई जगह गहराई अधिक होने के बावजूद लोग अनजाने में वहां चले जाते हैं, जिससे हादसे हो जाते हैं। फिलहाल इस दर्दनाक घटना के बाद गांव और परिवार में शोक का माहौल है।
रिपोर्ट : आसिम अली
