बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां मांझी-छपरा मुख्य मार्ग पर इनई गांव के समीप एक मैजिक वाहन के पलटने के बाद बेकाबू ट्रक ने कई लोगों को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज छपरा सदर अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक यह हादसा बुधवार तड़के उस समय हुआ जब एक मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इसी दौरान सामने से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर गिरे लोगों को कुचलते हुए निकल गया। हादसा इतना भयावह था कि कई लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
बताया जा रहा है कि मैजिक वाहन में कुल 13 लोग सवार थे, जो छपरा के ब्रह्मपुर इलाके से एक शादी समारोह में डांस कार्यक्रम करने के बाद वापस लौट रहे थे। सभी लोग बलिया के नरही क्षेत्र स्थित लक्ष्मणपुर चट्टी जा रहे थे। ऑर्केस्ट्रा संचालक अशोक राम के अनुसार, यह पूरी टीम लखनऊ की रहने वाली थी और ‘मुस्कान ऑर्केस्ट्रा’ से जुड़ी हुई थी। हादसे में मृतकों की पहचान राहुल, अवधेश, प्रीति और सोनी के रूप में हुई है। इनमें से तीन महिलाएं डांसर बताई जा रही हैं। ऑर्केस्ट्रा टीम में कुल पांच डांसर थीं, जिनमें से तीन की इस हादसे में मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के खतरों को उजागर करती है।
