एसपी चीफ बोले -पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री भी “मनमर्ज़ी से बने”महिला आरक्षण लागू करें भाजपा, चुनावी रणनीति को लेकर सख्त
लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा में सिर्फ नकली नेताओं का जमघट है और लोकतंत्र में उनका कोई भरोसा नहीं है।उन्होंने भाजपा पर वोट की लूट, पुलिस प्रशासन का अवैध इस्तेमाल और पीडीए की बढ़ती लोकप्रियता से बौखलाहट का आरोप लगाया। उन्होंने यह बातें सोमवार को सपा के राज्य मुख्यालय लखनऊ के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।
2027 चुनाव में समाजवादी पार्टी की बड़ी भूमिका
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी बदलाव लाने की ताकत रखती है।
सपा की सरकार में गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी।बुनकरों के लिए स्पेशल जोन बनाकर उन्हें सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के पक्ष में पार्टी लगातार रही है। आधी आबादी को सम्मान और भागीदारी देने का संकल्प लिया गया है।आरक्षण नीति में पार्टी चाहती है कि यह पार्टी आधारित और जातीय जनगणना के अनुपात पर आधारित हो।
कार्यकर्ताओं को दी ये नसीहत
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने और संयम बनाए रखने की सलाह दी।उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पर नजर रखना और गरीब, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को मजबूत बनाना पार्टी की प्राथमिकता है। “गरीबों का साथी बनकर पीडीए को हर स्तर पर मजबूत करना होगा,”।
अखिलेश यादव कल ममता बनर्जी से करेंगे कोलकाता में मुलाकात
एसपी चीफ अखिलेश यादव पश्चिम बंगाल की निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मिलने के लिए कल कोलकाता रवाना होंगे। यह पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव नतीजों के तुरंत बाद किसी भी प्रमुख विपक्षी नेता का पहला दौरा होगा। ममता बनर्जी ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अखिलेश यादव उनसे मिलना चाहते थे, लेकिन उन्होंने उन्हें कल बुलाया है। उन्होंने कहा:”एक-एक करके सब आएंगे। मेरा लक्ष्य INDIA गठबंधन को और मजबूत करना है।”ममता ने इस मौके पर खुद को ‘आजाद पंछी’ बताते हुए कहा कि अब उनके पास कोई पद नहीं है, फिर भी वे जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं की सेवा जारी रखेंगी।
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री भी “मनमर्ज़ी से बने”महिला आरक्षण लागू करें भाजपा
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री भी मनमर्ज़ी से बनेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार महिला आरक्षण लागू किया जाना चाहिए और इसे लेकर सपा लगातार ल आवाज उठाएगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह आरक्षण 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव तक लागू होगा। अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और प्रतिनिधित्व लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है।
प्रीपेड मीटर की भ्रष्टाचारी वसूली पर जनता की जीत
उन्होंने कहा कि प्रीपेड मीटर के बहाने जनता से बढ़े बिल वसूलने की भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ जनशक्ति की जीत हुई। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जनता भाजपा का अत्याचार और भ्रष्टाचार अब नहीं सहेगी। सपा प्रमुख ने मांग की कि अधिक वसूले गए बिलों का तार्किक समायोजन अगले बिलों में किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर यह नहीं हुआ तो सपा और जनता मिलकर नया आंदोलन छेड़ेगी। अखिलेश यादव का कहना है कि जनता का पैसा भाजपा की लूट है और इसे लौटाना ही होगा। इस दौरान प्रतापगढ़ के टॉपर छात्रों को सम्मानित भी किया।
