बरेली : यूपी की बरेली पुलिस ने ऑपरेशन दहन के तहत अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के मादक पदार्थों को नष्ट कर दिया। यह कदम जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।
1968 किलो से ज्यादा नशा किया गया नष्ट

पुलिस के मुताबिक, जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज 289 मामलों से जब्त कुल 1968.520 किलोग्राम मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। इनकी अनुमानित कीमत करीब 60 करोड़ 55 लाख रुपये आंकी गई है।
पूरी प्रक्रिया नियमों के तहत हुई

यह कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में की गई। कोर्ट और संबंधित विभागों से अनुमति लेने के बाद, परसाखेड़ा स्थित एनविराड मेडिकेयर प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट में मशीन के जरिए इन्हें जलाकर नष्ट किया गया।
नशामुक्त भारत अभियान को मिला बल

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई ‘नशामुक्त भारत’ अभियान को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। आगे भी ऐसे अभियान चलाकर नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
