बरेली : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होमगार्ड इनरोलमेंट परीक्षा-2025 को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। डीएम अविनाश सिंह ने दूसरे दिन भी जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा को शांतिपूर्ण व नकलविहीन ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। जिले के 19 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित इस परीक्षा के दौरान डीएम ने जीआईसी गर्ल्स कॉलेज और विष्णु इंटर कॉलेज का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संचालित होती मिली। केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के माध्यम से भी परीक्षा कक्षों की निगरानी की गई।
CCTV निगरानी में होमगार्ड परीक्षा

डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ परीक्षा सम्पन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दौरान अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, उप जिलाधिकारी राम जनम यादव समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे और व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
