नाम बदलकर की थी शादी, अब बच्चे को बेचने की धमकी का आरोप, पीड़िता दर-दर भटकने को मजबूर
बरेली : यूपी के बरेली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति अपनी पत्नी को रेलवे स्टेशन पर छोड़कर चार माह के मासूम बेटे को लेकर फरार हो गया।घटना के बाद पीड़ित महिला न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। जानकारी के मुताबिक, मऊ जनपद की रहने वाली फातिमा ने करीब दो साल पहले नवाबगंज क्षेत्र के सरदार नगर निवासी आशीष से प्रेम विवाह किया था। बताया जाता है कि विवाह के बाद युवक ने अपना नाम बदलकर रहमान रख लिया था।20 अप्रैल को आरोपी अपनी पत्नी, और चार महीने के बेटे को मायके से लेकर बरेली आया। आरोप है कि बरेली जंक्शन पर उसने पत्नी को यह कहकर छोड़ दिया कि वह बच्चे के लिए सामान लेकर आता है,लेकिन वह वापस नहीं लौटा और बच्चे को लेकर फरार हो गया।
ससुराल में भी नहीं मिला सहारा
काफी देर तक इंतजार करने के बाद पीड़िता किसी तरह अपने ससुराल सरदार नगर पहुंची, लेकिन वहां भी उसे ठुकरा दिया गया। आरोप है कि ससुरालवालों ने उसे घर से भगा दिया, जिसके बाद से वह लगातार न्याय के लिए भटक रही है।
बच्चे को बेचने की धमकी का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि उसका पति बच्चे को बेचने की धमकी दे रहा है। जिससे वह बेहद डरी हुई है।महिला के पिता ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी दर्ज कराई है।
यह कर रही पुलिस ?
नवाबगंज थाने में दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने मीडिया को बताया कि आरोपी फिलहाल अपने घर पर नहीं है।इस मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
