श्याम लाल पाल बोले – महिलाओं की सुरक्षा फेल, पंचायत चुनाव न कराकर लोकतंत्र की हत्या, दरगाह ताजुश्शरिया पर की चादरपोशी
बरेली : समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार ने “आधी आबादी” यानी महिलाओं को धोखा दिया है, और 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने गाजीपुर और हरदोई की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि दुष्कर्म और हत्या जैसे मामलों में न्याय की जगह राजनीति हो रही है। सपा के शिष्टमंडल के साथ पुलिस पर भी हमला किया गया। उन्होंने महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक को भी अधूरा बताते हुए कहा कि सपा महिलाओं के आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन उसमें पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) वर्ग की महिलाओं को भी हिस्सेदारी मिलनी चाहिए।
चुनाव आयोग और सरकार पर निशाना
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने पंचायत चुनाव न कराए जाने को लेकर सरकार और भारत निर्वाचन आयोग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा पंचायत चुनाव न कराना लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। इससे गांवों का विकास प्रभावित होगा। इसके साथ ही उन्होंने बढ़ती महंगाई, विश्वविद्यालयों की फीस, बंद होते स्कूल और किसानों की समस्याओं को भी प्रमुख मुद्दा बताया।
उर्स में सपा की मौजूदगी और भाईचारे का संदेश

इसी बीच बरेली में आयोजित उर्स-ए-ताजुश्शरिया के मौके पर भी सपा की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से दरगाह पर चादर भेजी गई। जिसे प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने अदब के साथ पेश किया। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का उर्स मुबारकबाद का पत्र उर्स प्रभारी एवं जमात रज़ा-ए मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान हसन खां को सौंपा गया। इस मौके पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दरगाह पर हाजिरी लगाकर देश में अमन, चैन और भाईचारे की दुआ मांगी।
“उर्स मोहब्बत और इंसानियत का पैगाम”

प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कहा कि उर्स केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा समय में समाज को बांटने की कोशिशें हो रही हैं, लेकिन ऐसे मौके लोगों को जोड़ने का काम करते हैं।
2027 का चुनाव-सामाजिक न्याय पर फोकस

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने साफ किया कि पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव “सामाजिक न्याय” के मुद्दे पर लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि जिस तरह अन्य राज्यों में बदलाव हुआ, उसी तरह उत्तर प्रदेश की “आधी आबादी” भी भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी। प्रदेश अध्यक्ष का लखनऊ से आने के दौरान बरेली की सीमा फतेहगंज पूर्वी में फूल मालाओं से स्वागत किया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, पूर्व विधायक विजयपाल सिंह, सुल्तान बेग, प्रदेश प्रवक्ता मुहम्मद साजिद, पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद, सपा अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर अनीस अहमद, हरिशंकर यादव, संजीव सक्सेना, प्रमोद बिष्ट, हैदर अली, रामप्रकाश यादव लल्ला भइया, सिंपल कन्नौजिया, सपा कार्यालय पर भोजीपुरा विधायक शाहजिल इस्लाम, पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन, पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन आदि मौजूद थे।
