बरेली विकास प्राधिकरण की बड़ी पहल, सेक्टर-08 में साइंस पार्क का निर्माण शुरू, तय समय में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश
बरेली : यूपी के बरेली में शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र को नई दिशा देने की तैयारी शुरू हो गई है। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) द्वारा रामगंगा नगर आवासीय योजना के सेक्टर-08 में प्रस्तावित साइंस पार्क के निर्माण के लिए शनिवार को विधिवत भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर बीडीए के उपाध्यक्ष ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा -अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में प्राधिकरण के सचिव, संयुक्त सचिव, विशेष कार्याधिकारी समेत अन्य अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से पूजा में भाग लेकर परियोजना की सफलता की कामना की।
निर्माण को लेकर सख्त निर्देश
भूमि पूजन के दौरान उपाध्यक्ष ने संबंधित ठेकेदारों और अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि साइंस पार्क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
शिक्षा और विज्ञान को मिलेगा बढ़ावा
उपाध्यक्ष ने कहा कि यह साइंस पार्क केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि बरेली के शैक्षणिक और वैज्ञानिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पार्क छात्रों, शोधार्थियों और आम लोगों के लिए विज्ञान को समझने और अनुभव करने का एक आधुनिक केंद्र बनेगा।
रामगंगा नगर को मिलेगी नई पहचान
रामगंगा नगर आवासीय योजना पहले से ही शहर के उभरते क्षेत्रों में शामिल है। ऐसे में यहां साइंस पार्क का निर्माण होने से क्षेत्र की शैक्षणिक पहचान मजबूत होगी। बच्चों और युवाओं को वैज्ञानिक सोच विकसित करने का अवसर मिलेगा। शहर में नवाचार और सीखने का माहौल तैयार होगा।
