बरेली : शहर में उर्स ताजुश्शरिया और होमगार्ड भर्ती परीक्षा को देखते हुए प्रशासन ने 24 से 27 अप्रैल तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है।इन दिनों शहर में लाखों जायरीन और हजारों परीक्षार्थियों के पहुंचने की संभावना है। जिसके चलते यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कई मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा से पहले रूट की जानकारी जरूर लें।
इन प्रमुख मार्गों पर पूरी तरह प्रतिबंध
24 अप्रैल यानी आज दोपहर 3 बजे से 25 अप्रैल रात 12 बजे तक झुमका तिराहा, मिनी बाईपास और मथुरापुर रोड जैसे अहम मार्गों पर चार पहिया वाहनों, ऑटो, ई-रिक्शा और भारी वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक रहेगी। इसके अलावा कुदेशिया अंडरपास से किला,अशोक नगर तिराहा से कोहाड़ापीर, श्यामतगंज से पटेल चौक, चौकी चौराहा से चौपला और कुतुबखाना की ओर जाने वाले रास्तों पर भी ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन बंद रहेगा।
बाहरी जिलों से आने वाले वाहनों के लिए नए रूट तय
रामपुर, मुरादाबाद, बदायूं, नैनीताल और पीलीभीत की तरफ से आने वाले भारी वाहनों के लिए शहर में सीधे प्रवेश पर रोक लगाई गई है। ऐसे वाहन बड़ा बाईपास, फरीदपुर, बुखारा मोड़, रामगंगा तिराहा और इन्वर्टिस तिराहा जैसे वैकल्पिक मार्गों से ही गुजर सकेंगे। प्रशासन ने साफ किया है कि बिना डायवर्जन का पालन किए शहर में एंट्री नहीं मिलेगी।
बस संचालन में बड़ा बदलाव, पुराना बस अड्डा बंद
24 और 25 अप्रैल को रोडवेज बसों का संचालन केवल सैटेलाइट बस स्टैंड से किया जाएगा। दिल्ली और रामपुर की ओर से आने वाली बसें झुमका तिराहा, विलवा, डेलापीर और 100 फुटा रोड के रास्ते सैटेलाइट बस स्टैंड पहुंचेंगी। इस दौरान पुराना बस अड्डा पूरी तरह बंद रहेगा, जिससे यात्रियों को पहले से योजना बनाकर यात्रा करनी होगी।
पुलिस की अपील- समय से निकलें, नियमों का करें पालन
एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने कहा है कि यह व्यवस्था शहर को जाम से बचाने के लिए बनाई गई है। उन्होंने परीक्षार्थियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे घर से समय से पहले निकलें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
