एक विषय में फेल होने के बाद छात्र के आत्महत्या की आशंका, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का कर रही इंतजार
पीलीभीत: यूपी के पीलीभीत से एक दर्दनाक और चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां इंटरमीडिएट के एक छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटकता मिला। खास बात यह है कि छात्र का रिजल्ट एक दिन पहले ही आया था, जिसमें वह एक विषय में फेल हो गया था… फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
परिवार में मचा कोहराम
पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव अमरा कासिमपुर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 18 वर्षीय छात्र का शव खेत में पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान अनुज कुमार, निवासी मुसेली के रूप में हुई है। अनुज कुमार इंटरमीडिएट का छात्र था और हाल ही में उसका परीक्षा परिणाम घोषित हुआ था। परिजनों के मुताबिक, वह एक विषय में कम अंक आने की वजह से फेल हो गया था। इसी के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा था। बताया जा रहा है कि अनुज बीती रात से घर से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, तभी शुक्रवार सुबह गांव के पास खेत में एक यूकेलिप्ट्स के पेड़ से उसका शव शर्ट के फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।हालांकि, पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।बीसलपुर क्षेत्राधिकारी विधि भूषण मौर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि परिजनों की ओर से कोई तहरीर दी जाती है, तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
