मुरादाबाद: यूपी के मुरादाबाद में पति-पत्नी की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत हुई इस कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने मौके से तमंचे और अन्य सामान भी बरामद किया है। इस पूरी कार्रवाई में सतपाल अंतिल की सख्त निगरानी और स्पष्ट निर्देशों की अहम भूमिका बताई जा रही है, जिससे पुलिस टीम को तेजी से सफलता मिली। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना अध्यक्ष मनीष सक्सेना, क्राइम एसआई अनुज चौधरी, हेड कांस्टेबल अंकुल चौधरी, कांस्टेबल कुलदीप और शिवम शामिल रहे, जिनकी सतर्कता और सक्रियता से पुलिस को यह सफलता मिली।
पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या से मचा था हड़कंप

सोमवार देर शाम सिविल लाइन क्षेत्र में संपत्ति विवाद को लेकर राजा और फरहा नाम के पति-पत्नी की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात को उनके बच्चों के सामने अंजाम दिया गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। गुरुवार देर शाम अगवानपुर पुल के पास सिविल लाइन पुलिस की फरजंद और सुहैल नाम के आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों के पैरों में गोली लगी और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एसएसपी सतपाल अंतिल के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ लगातार चल रही सख्त कार्रवाई का ही असर है कि आरोपी ज्यादा देर तक बच नहीं पाए।
पहले भी एक आरोपी हो चुका है गिरफ्तार
इस डबल मर्डर केस में कुल 5 आरोपी नामजद हैं। इनमें से अनस नाम के एक आरोपी को पुलिस दो दिन पहले ही मुठभेड़ के बाद पकड़ चुकी है। बाकी आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है।
इलाज जारी, पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तमंचे, नकदी और अन्य सामान बरामद किया है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, एसएसपी सतपाल अंतिल की कार्यशैली को लेकर यह भी कहा जा रहा है कि उनके कार्यकाल में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही हैं और कानून व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
रिपोर्ट: रेहान
