आंवला के श्रीराम विहार कॉलोनी की घटना, खून से लथपथ मिला शव, वजह अब भी रहस्य, जांच में जुटी पुलिस
बरेली : यूपी के बरेली जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मेडिकल संचालक ने अपने ही घर के अंदर खुद को गोली मारकर जान दे दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिवार में कोहराम मच गया है।।यह मामला आंवला थाना क्षेत्र के श्रीराम विहार कॉलोनी का।है। मृतक की पहचान पंकज सिंह के रूप में हुई है, जो स्थानीय स्तर पर मेडिकल स्टोर संचालित करते थे, और उसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
घर में अकेले थे, शादी में गया था परिवार
परिजनों के मुताबिक, रविवार को परिवार के सभी सदस्य फरीदपुर क्षेत्र के लोंगपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। उस समय पंकज सिंह घर पर अकेले थे। किसी को भी इस तरह की अनहोनी की आशंका नहीं थी।
खून से लथपथ मिला शव, अस्पताल में मृत घोषित
जब परिजन शादी से लौटे तो घर का कमरा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खोलकर देखा तो पंकज सिंह खून से लथपथ हालत में पड़े थे। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए।आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से घर में मातम पसरा हुआ है।
पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए पीछे
बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी भी उसी शादी समारोह में गई हुई थी। पंकज सिंह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
आत्महत्या की वजह अब भी रहस्य
परिजनों का कहना है कि पंकज सामान्य जीवन जी रहे थे और किसी प्रकार के तनाव या विवाद की जानकारी नहीं थी। ऐसे में इस कदम के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके।
