पुरानी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या का आरोप, एक आरोपी भी घायल, खेत पर घात लगाकर बरसाईं गोलियां, गांव में दहशत का माहौल
बरेली : यूपी के बरेली देहात के भमौरा थाना क्षेत्र के भीकमपुर गांव में शनिवार सुबह पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। गांव निवासी कल्लू उर्फ कल्याण की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात उस वक्त हुई जब वह सुबह खेत पर गए थे।
घात लगाकर हमला, मौके पर मौत
परिजनों के मुताबिक, हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे। जैसे ही कल्लू खेत पर पहुंचे, उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई।गंभीर रूप से घायल कल्लू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
आरोपी पक्ष का व्यक्ति भी गोली से घायल
इस घटना में आरोपी पक्ष के जुगेंद्र नाम के एक व्यक्ति के हाथ में भी गोली लगने की बात सामने आई है।उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुरानी दुश्मनी बनी हत्या की वजह
मृतक के भाई धर्मपाल ने बताया कि गांव के कुछ लोगों से लंबे समय से रंजिश चल रही थी। दो साल पहले भी मारपीट की घटना हुई थी और चार दिन पहले दोनों पक्षों में फिर विवाद हुआ था। इस मामले में थाने में समझौता होना था, लेकिन उससे पहले ही यह वारदात हो गई।
पुलिस पर लापरवाही के आरोप
परिजनों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पहले से विवाद की जानकारी होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
जांच में जुटी पुलिस, शव पोस्टमॉर्टम को भेजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
